अवैध संबंधों का पता चलने व आए दिन झगड़ा होने से खफा था
गुना (शिवकुमार उपरिंग) - म्याना क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे युवक की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। उसे पत्नी के प्रेमी ने गोली मार दी थी। युवक को दोनों के अवैध संबंधों के बारे में पता चल गया था। इसके बाद दंपती के बीच विवाद होता रहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात 17-18 अगस्त की रात की है। ग्राम गोमती खेड़ा में हरीसिंह खेत पर घर बनाकर रहता था। रात में वह घर के बाहर आंगन में सो रहा था। इसी बीच 315 बोर के कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर के अंदर सो रही पत्नी को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले में पुलिस को पता चला, हरीसिंह की पत्नी के म्याना के ही रहने वाले नवीन प्रजापति से संबंध थे। इस बात को लेकर हरीसिंह और उसकी पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। पुलिस ने नवीन प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब सख्ती की , तो गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया, हरीसिंह की पत्नी से उसके काफी दिनों से संबंध थे। हरीसिंह की गैरमौजूदगी में वह उसके यहां आता-जाता रहता था। यह बात हरीसिंह को पता चल गई। वह आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। इसी बात से वह खफा था। 17-18 अगस्त की रात में जब हरीसिंह आंगन में सो रहा था, तभी उसने गर्दन में पीछे से 315 बोर के कट्टे से गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कट्टा भी बरामद कर लिया है। SP ने बताया कि मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment