बडवाह (निप्र) - शनिवार को भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में प्रचार हेतु बडवाह पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व्ही डी शर्मा ने तूफानी गति से दौरा करते हुए कई कार्यक्रमों में शिरकत की. इस क्रम में नर्मदा रोड स्थित विवेकानंद विद्या विहार स्कूल में युवा सम्मेलन हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री शर्मा ने सैकड़ों युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम भाजयुमो द्वारा आयोजित किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने युवाओं से कहा कि गरीब कल्याण के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार ने योजनाओं से गरीब का जीवन कैसे बदला है। इन सारी बातों को जनता के बीच अगर कोई ले जाने वाला सेतु बनता है तो वह युवा है। इसलिए इस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से जिताने व कमल का फूल खिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ खड़े हो जाए। और पूरे जोश के साथ जुट जाएं। कार्यक्रम में अक्षय तिवारी-यश चौरसिया ने वजनी माला से स्वागत कर माँ नर्मदा जी का चित्र भेंट किया। इसके पश्चात् वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बफलगाँव के लिए रवाना हुए ग्राम बफलगांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा किप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अन्नदाताओं की आय दो गुनी करने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किसान कल्याण की कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनका परिणाम है कि आज हमारे किसान भाई-बहन आर्थिक रूप से संपन्न हो रहे हैं। भाजपा सरकार में गरीबों को पक्का आवास,नि:शुल्क राशन, गंभीर बीमारी पर 5 लाख तक का नि:शुल्क इलाज,महिलाओं को धुँआ मुक्त रसोई,प्रतिभाशाली छात्रों की नि:शुल्क शिक्षा व्यवस्था,वृद्धों को पेंशन व तीर्थ दर्शन और युवाओं को रोज़गार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह की सरकार में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाता था। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी का अभाव था। आज मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में हमारा मध्य प्रदेश अब स्वर्णिम प्रदेश के रूप में पहचाना जाता है। असल में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों अपने बेटों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं और कांग्रेस पतन की ओर है। भाजपा में राष्ट्र और जनसेवा के भाव को ध्यान में रखते हुए नीतियों का निर्माण होता है। आज भाजपा में बूथ का सामान्य कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री तक बन सकता है। सभा का संचालन महेश गुर्जर ने किया। स्वागत भाषण ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण काग ने और आभार अमरसिंह गौड़ ने व्यक्त किया।
इसके पश्चात् शहर के उमड़ेकर मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय का उद्घाटन हुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भगवान की पूजा अर्चना कर श्रीगणेश किया। इस अवसर पर संबोधित करते हो प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा को सब जानते हैं। यह कार्यकर्ता आधारित दल है। और हम सब कार्यकर्ता रणनीति बनाकर मैदान में है। उन्होंने राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां कोई भी कार्यकर्ता जो निष्ठा भाव से कार्य करेगा वो आगे चलकर विधायक, सांसद, मंत्री कुछ भी बन सकता है,ऐसा सिर्फ भाजपा दल में ही होता है। और कहा हमारे संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्तागण संगठन के विस्तार और नये कार्यकर्ताओं को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर गौरवांवित हूँ।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री कमल पटेल, कैबिनेट मंत्री जगदीश देवड़ा, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व विधायक हितेन्द्रसिंह सोलंकी, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री अमय आपटे, प्रदेश प्रवक्ताद्वय उमेश शर्मा, आशीष अग्रवाल,सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन, जिला महामंत्री महिम ठाकुर, मंडल अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सन्नी भाटिया, राजेश जायसवाल,प्रकाश भावसार, मनीष शर्मा, वीरेंद्र कावड़िया, एवं अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment