भोपाल (राज्य ब्यूरो) - बांस, शहद, महुआ और अन्य उत्पादनों और चंदन की खेती से वनवासियों की आय बढ़ाएंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय हर्बल मेले में कही। मुख्यमंत्री ने राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मेले का शुभारंभ किया। मेला 26 दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वनोपज के विक्रय के काम का विकेंद्रीकरण किया जाएगा। प्रयोग के तौर पर वनवासियों और वन समितियों द्वारा 'उत्पाद बनाओ और बेचो को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। लघु वनोपजों के प्रसंस्करण पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वन-धन केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उनकी उत्पादित सामग्रियों की पुख्ता खरीद व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि चंदन की खेती, बांस उत्पादन, औषधियों के निर्माण में उपयोगी वनोपज के उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। पर्यावरण के लिए वनों को बचाना भी आवश्यक है और वनों से वनवासियों को आय भी हो, इसके प्रयास होंगे। मेले में बायर-सेलर मीट के आयोजन प्रशंसनीय हैं। इसके अधिकाधिक आयोजन हों, ताकि वनवासियों को वनोपज का दाम मिल सके। मुख्यमंत्री ने मेले में विभिन्न् स्टाल देखे और उत्पादों के बारे में जानकारी भी ली। वन समितियों ने विभिन्न् वन उत्पाद मेले में प्रदर्शित किए हैं। वन मंत्री विजय शाह ने कहा कि कोरोना काल में आयुर्वेदिक काढ़े ने लाखों लोगों को महामारी से बचाया है। प्रदेश ने आयुर्वेद के इस उत्पाद का प्रयोग कर दुनिया में उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने की ब्रांडिंग, विंध्य उत्पाद खरीदें
मुख्यमंत्री ने विंध्य हर्बल के उत्पाद उपयोग में लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा हर्बल चाय, शहद, चिरौंजी हमारे ब्रांड हैं। इन्हें खरीदें और प्रोत्साहित करें। ये शुद्धता से भरपूर उत्पाद हैं। चौहान ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति प्राचीन विद्या है। हर गांव में इसके जानकार होते थे। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश के वन देश का आक्सीजन प्लांट हैं। हमारे वन हमेशा से औषधियों के मामले में धनी हैं। वनोपज हमारे जीवन हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सतर्कता की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट अभी टला नहीं है, हमें इसके लिए सतर्क रहना होगा। कोरोना से बचाव के लिए मास्क का उपयोग जरूरी है। हम आवश्यक सावधानियों से ही कोरोना की तीसरी लहर से बच सकते हैं। प्रदेश में वैक्सीनेशन का रिकार्ड बना है। प्रत्येक व्यक्ति को दोनों डोज लगवानी हैं।
Comments
Post a Comment