![]() |
सांकेतिक चित्र |
भोपाल (स्टेट ब्यूरो) - बैरागढ़ में बनने जा रहे एलीवेटेड कॉरिडोर के निर्माण पर 221 करोड़ 83 लाख रु. खर्च होने हैं। ऐसी ही प्रदेश की 847 अन्य सड़कें भी हैं, जिनकी मरम्मत पर 125 करोड़ रु. तक खर्च होना हैं, लेकिन फिलहाल इन सड़कों का काम शुरू होना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि सरकार ने इन सड़कों के लिए सिर्फ 84800 रु. ही दिए हैं। यानी हर सड़क के लिए 100 रु. टोकन मनी। यह जानकारी मंगलवार को विधानसभा में रखे गए 16306 करोड़ रु. के दूसरे अनुपूरक बजट से मिली। बैरागढ़ में एलीवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए सेंट्रल रोड फंड (सीआरएफ) से भी राशि मिलना है। इसलिए इन सड़कों के लिए टोकन प्रावधान होने से सरकार अब अपनी बचत में से राशि डाल सकती है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के उन्नयन और मरम्मत के लिए 1700 करोड़ रुपए मांगे हैं। ये राशि अब अगले साल के आम बजट में ही मिल पाएगी, जो 1 अप्रैल 2023 से खर्च होगा।
चार महीने में हवाई जहाज के किराए में दिए 20 करोड़, साल में अब तक 26 करोड़
हवाई जहाज के किराए का खर्च सरकार के बड़े खर्चों में शामिल है। इस पर 26 करोड़ 15 लाख रु. खर्च हुए हैं। इसमें भी 20 करोड़ रु. सिर्फ बीते चार महीने में खर्च हुए हैं। ये पैसा किराए पर लिए गए हवाई जहाज पर खर्च हुआ है। जबकि 6 करोड़ रु. जहाज की मरम्मत पर खर्च हुए। राज्य सरकार का इकलौता विमान 2020 में ग्वालियर विमानतल पर उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जो एक साल पहले ही 65 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सरकार किराए का जेट विमान लेकर काम चला रही है।
बिजली कंपनियों को सरकार देगी 3150 करोड़
आम उपभोक्ताओं को अटल ज्योति योजना के तहत 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देने के लिए बिजली कंपनियों को 3150 करोड़ रुपए की राशि राज्य सरकार देगी। टैरिफ अनुदान योजना में 350 करोड़ रु. दिए गए हैं। प्रदेश के 407 नगरीय निकायों में नगर निगम, पालिका और परिषदों को 1472 करोड़ रुपए की राशि दी जाएगी।
Comments
Post a Comment