भोपाल (स्टेट ब्यूरो) - मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल इस समय गौवंश की लगातार हो रही मौत के चलते गौवध की राजधानी बना हुआ है। यहाँ कि जीवदया गोशाला सैकड़ों गायों की मौत की वजह से सुर्खियों में है। यहां गायों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। एक तरफ लगातार गायें लड़खड़ाकर गिर रही हैं, तो मृत गायों के शवों पर मक्खियां भिनभिना रही हैं। ये शव खुले आसमान में मैदान में फेंके जा रहे हैं। जिन्हें कुत्ते नोचकर खा रहे हैं। और हर जगह कंकाल ही कंकाल नजर आते हैं। आपको बता दें कि अखिल भारतीय सर्वदलीय गोरक्षा महाभियान समिति के गौरव मिश्रा ने पशुपालन विभाग से RTI के तहत जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि इस गोशाला में एक साल में 2131 गायें गायब हो गईं। रिकॉर्ड के अनुसार गोशाला में जनवरी 2022 में 1961 गायें थीं। इसकी पुष्टि खुद पशुपालन विभाग ने की है, जबकि नगर निगम ने सालभर में यहां 2236 गाय भेजीं। इनमें से 116 गायों की मौत हो गई। रिकॉर्ड और गोशाला में मौजूद गायों के आंकड़े में बड़ा हेरफेर सामने आने पर सोमवार को गोशाला में पांच घंटे तक हंगामा भी चला।
करणी सेना से जुड़े लोग और पशु प्रेमी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन ने जांच कमेटी बनाई। वहीं, इसी दिन दो गायों के शवों का पोस्टमॉर्टम भी किया गया। एक गाय की मौत कैल्शियम की कमी से होना सामने आया। वहीं, दूसरी के पेट से बहुत सारी पॉलीथिन निकली। आंतों से पॉलीथिन का बड़ा सा गुच्छा निकला गोशाला के बाहर करीब 300 मीटर एरिया में गायों के शव, कंकाल और हड्डियां बिखरी हैं, जिन्हें समेटने का काम नगर निगम के ठेकेदार के कर्मचारी कर रहे हैं। पास ही बरखेड़ी अब्दुल्ला गांव के रेवेन्यू इंस्पेक्टर, सूखी सेवनिया थाने के दो कॉन्स्टेबल मौजूद हैं। सुबह करीब 11 बजे कॉन्स्टेबल के पास थाने से कॉल आता है। कहा जाता है- गायों के शव के कंकाल, हड्डियां , निगम के कर्मचारियों को उठाने दीजिए। जिन गायों के शव सही हैं, उनमें से 3 शव पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखें। दोपहर बाद गाय के इन शवों का पोस्टमॉर्टम होगा।
थाने से मिले निर्देश के मुताबिक कॉन्स्टेबल गाय के 3 शव छोड़ने के आदेश निगम के कांटेक्ट के कर्मचारियों को दे देते हैं। दूसरी ओर नगर निगम के ठेका श्रमिक खुले मैदान में बिखरी हुई गायों की हड्डियों, कंकाल और चमड़े को ट्रक में भरना शुरू कर देते हैं। गायों की बदहाली का यह मामला सामने आने के बाद भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने मुख्यालय शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र लिख प्रदेश में संचालित सभी गोशालाओं की जांच कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। सांसद ठाकुर ने सीएम से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री अवनीश भार्गव और मीडिया सेल उपाध्यक्ष उपेंद्र गुप्ता भी जीवदया गोशाला पहुंचे और यहां की अव्यवस्था देखी। भार्गव ने बताया कि मौके पर हड्डियों के ट्रक भरते मिले। शवों की खुले में चीरफाड़ की जा रही थी। हकीकत यह है कि गायों को खाने के लिए सूखी घास दी जा रही है, गायें भूखी मर रही हैं। इसकी रिपोर्ट हम कमलनाथ को सौंपेंगे।
Comments
Post a Comment