हरदा (निखिल रुनवाल) – जिला कलेक्टर को जिले की राजस्व भूमियों को डिजिटल करने के बदले सम्मानित किया गया। डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम’ के अंतर्गत सराहनीय कार्य के लिए कलेक्टर श्री ऋषि गर्ग को मंगलवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने ‘‘भूमि सम्मान प्लेटिनम प्रमाण पत्र’’ से सम्मानित किया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में हरदा कलेक्टर श्री गर्ग के साथ साथ अपर कलेक्टर श्री डी. के. सिंह एवं राजस्व निरीक्षक आनंद मोहन तिवारी भी उपस्थित रहे उल्लेखनीय है कि यह भूमि सम्मान प्लेटिनम प्रमाणपत्र डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम में 99 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश के 15 जिलों सहित देश के कुल 75 जिला कलेक्टर्स को प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज ‘भूमि सम्मान’ प्लेटिनम प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले सभी 15 जिलों के कलेक्टर्स को बधाई दी है। मध्यप्रदेश के इन 15 जिलों द्वारा डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मैनेजमेंट प्रोग्राम के सभी घटकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर उन्हें प्लेटिनम ग्रेडिंग प्रदान की गई है। ये घटक है लैंड रिकॉर्ड्स का कंप्यूटराइजेशन, भू कर मानचित्रों का डिजिटाइजेशन, पंजीयन का कंप्यूटराइजेशन, पंजीयन का भू अभिलेखों के साथ एकीकरण, भू कर मानचित्र का भू अभिलेखों के साथ लिंकेज और आधुनिक रिकॉर्ड रूम।
Comments
Post a Comment